आगरा। सिकंदरा की आवास विकास काॅलोनी के सेक्टर-10 में मकान में आग लगने से मृत कोचिंग संचालक विनय बोस के परिजन का पता नहीं चल सका। कथित बहन और भाई के मोबाइल नंबर बंद हैं। अब बृहस्पतिवार को पुलिस पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कराएगी।
सेक्टर-10 निवासी कृपाल सिंह के मकान में फरवरी से 68 वर्ष के विनय बोस और उनके भाई सुनील बोस किराए पर रह रहे थे। 30 अगस्त को मकान में आग लगने से उनकी मौत हो गई। कमरे में एक आधार कार्ड मिला। उस पर उनका पता तीसरा फ्लोर आदित्य बिजनेस पार्क मोदी कॉम्प्लेक्स के सामने निकट कार्मल स्कूल जगतपुर, छत्तीसगढ़ लिखा था।
पुलिस ने पते पर संपर्क किया मगर इस नाम-पते का कोई नहीं मिला। पुलिस की जांच में सामने आया था कि मृतक के भाई सुनील बोस दो दिन पहले ही घर से गए थे। पुलिस ने मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो वह बंद है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि परिजन के बारे में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।