फिरोजाबाद। चूड़ी जुड़ाई की नई दर निर्धारण को लेकर दायर सेवायोजकों की याचिका पर सोमवार को भी उच्च न्यायालय प्रयागराज में सुनवाई नहीं हो सकी। उद्योग जगत के अनुसार इस मामले में न्यायालय सुनवाई की तिथि मंगलवार को निर्धारित की जा सकती है।
विगत छह मई को जारी शासनादेश के तहत चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों के मेहनताना में बढ़ोत्तरी कर प्रति सैकड़ा चूड़ी तोड़ा जुड़ाई पर तीन हजार का मेहनताना निर्धारित किया गया है। उक्त शासनादेश के विरुद्ध सेवायोजकों की ओर से कुल पांच याचिका उच्च न्यायालय प्रयागराज में दायर की गईं हैं। इन्हीं में से एक पीयरलेस ऑटो की याचिका पर सोमवार दो अगस्त को सुनवाई होनी थी। चूडी सेवायोजकों के संगठन द ग्लास सिडिंकेट के अनुसार उक्त याचिका पर समयाभाव के कारण सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। आगामी तिथि संभवत: मंगलवार को निर्धारित हो सकती है।