पटियाली। सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव नगला हंसी में दावत के दौरान फायरिंग में घायल हुए व्यक्ति की उपचार के दौरान अलीगढ़ में मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल बालक का उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को तमंचा सहित गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
गांव नगला हंसी में 27 जून की देर शाम रहीसपाल के घर में उनके नाती के जन्म की दावत चल रही थी। इस दौरान गांव नगला जयकिशन निवासी मंजेश ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में मंजेश का बेटा आर्यन और गांव नगला हंसी निवासी सूरजपाल गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया। मामले में सूरजपाल के भाई शिवपाल ने आरोपी मंजेश के खिलाफ थाना सिकंदरपुर वैश्य में रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार की दोपहर सूरजपाल की उपचार के दौरान अलीगढ़ में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक सूरज का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव गांव लेकर पहुंचे। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दे रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नगला नरपत तिराहे पर खड़ा है और भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा 315 बोर व एक कारतूस बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करके उसे जेल भेजा है। पटियाली सीओ संतोष कुमार ने बताया कि फायरिंग के आरोपी को तमंचा व कारतूस सहित क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा है।