मैनपुरी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष राजीव यादव के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका गुप्ता से मुलाकात कर मांगों से संबंधित आठ सूत्री ज्ञापन सौंपा। बीएसए दीपिका गुप्ता ने अतिशीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया है।
जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने बताया कि अधिकांश विद्यालयों में एमडीएम लाभार्थी के अनुरूप कन्वर्जन कास्ट नहीं भेजी गई है। इस कारण प्रेषित और प्राप्त धनराशि में भिन्नता आ रही है और शिक्षकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिला मंत्री एमपी सिंह ने 31 मार्च 2025 को सेवानिवृत्त शिक्षकों के जीपीएफ और पेंशन को समय से भुगतान की मांग की। जिला संरक्षक सत्यवीर सिंह ने शिक्षकों के चयन वेतनमान में हो रही देरी के संबंध में विचार-विमर्श किया और समय से लगाए जाने की मांग दोहराई। जिला संगठन मंत्री अशोक शंखवार ने शिक्षकों पर लंबित कार्यवाहियों को जांच के उपरांत समाप्त करने का आग्रह किया। ऐसे शिक्षक नये शैक्षणिक सत्र में पूरे मनोयोग से कार्य कर सकें। इस दौरान प्रदीप यादव, यादवेंद्र, कृष्ण दीप कुमार राजपूत, योगेंद्र राजपूत, उपेंद्र यादव मौजूद रहे।