कासगंज। पटियाली क्षेत्र में डॉक्टर की लापरवाही से एक मरीज की दवा खाने के 15 मिनट बाद जान चली गई। मरीज को सांस लेने में दिक्कत और शरीर में सूजन की शिकायत लेकर डॉक्टर से मिला था, मौत का कारण जानने के लिए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगला भजु निवासी नवाब सिंह (63) को सर्दी लगने के बाद सांस लेने में दिक्कत होने के साथ शरीर में सूजन आ गई। परिजन उनको पटियाली के शिव प्रताप सिंह के क्लीनिक पर लेकर गए। चिकित्सक ने मरीज का परीक्षण करने के बाद दवा देने के बाद गरम पानी से दवा लेने की सलाह दी। परिजन मरीज को घर ले आए।
मरीज ने जैसे ही दवा खाई 15 मिनट में उनकी जान चली गई। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। मृतक के पुत्र संजय ने बताया कि पिता की मौत दवा खाने के 15 मिनट बाद ही हो गई। चिकित्सक ने गलत दवा दे दी थी। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
14 दिन पहले एक महिला की हो गई थी मौत
चिकित्सक शिव प्रताप के क्लीनिक पर 14 दिन पहले एक महिला की मौत भी इसी तरह से हो गई थी। गांव बहोरा निवासी महिला सुजीता की तवियत खराब होने पर परिजन उसे शिव प्रताप के क्लीनिक पर ले गए थे। महिला ने घर जाकर दवा खाई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
बुजुर्ग का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।- राधेश्याम , कोतवाली प्रभारी पटियाली
चिकित्सक के पास बीएएमएस की डिग्री है। अभी मृतक के परिजन की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत के बाद मामले की जांच की जाएगी- डॉ. राजीव अग्रवाल, सीएमओ