आगरा। ताजनगरी फुटबाल के राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने जा रहा है। राष्ट्रीय संतोष ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन 21 से 25 दिसंबर तक आगरा में किया जाएगा। आगरा रीजनल फुटबाल संघ के अध्यक्ष बिल्लू चौहान और शारदा विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर जयंती रंजन ने बताया कि मुकाबले शारदा यूनिवर्सिटी के आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज के खेल मैदान में खेले जाएंगे, जहां देश की चार मजबूत फुटबॉल टीमें खिताबी संघर्ष की शुरुआत करेंगी।
इस ग्रुप में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तरांचल और चंडीगढ़ की टीमें शामिल हैं। चारों ही टीमें संतोष ट्रॉफी में अपनी सशक्त पहचान रखती हैं, ऐसे में दर्शकों को रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले देखने को मिलेंगे। उत्तर प्रदेश की टीम घरेलू मैदान का फायदा उठाने की कोशिश करेगी, वहीं अन्य टीमें भी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगी। जिला फुटबॉल संघ ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मैदान की तैयारियों के साथ-साथ सुरक्षा, चिकित्सा और यातायात व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मैचों के दौरान खेल प्रेमियों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
संतोष ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी से आगरा के स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। साथ ही शहर में फुटबॉल के प्रति बढ़ते रुझान को नई दिशा और पहचान मिलने की उम्मीद है। यह आयोजन आगरा को खेल नगरी के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और अहम कदम माना जा रहा है।