फतेहाबाद। विकासखंड फतेहाबाद के गांव मूसेपुर में बारिश के कारण तालाब ओवरफ्लो हो गया, जिससे गांव की कई गलियां जलमग्न हो गई हैं। तालाब का गंदा पानी करीब एक दर्जन घरों में घुस जाने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए स्थिति और भी कठिन बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलनिकासी और तालाब की सफाई कराने की मांग की है।
ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने बताया कि गांव का तालाब वर्षों से खुदाई और सफाई के अभाव में उथला हो चुका है। लगातार बारिश के कारण तालाब अपनी क्षमता से अधिक भर गया और उसका पानी गांव की गलियों में भर गया। पप्पू, फरेंद्र सिंह, रामब्रज, मनीराम, चंदन सिंह, महावीर, जयवीर, राजेंद्र सहित करीब एक दर्जन परिवारों के घरों में गंदा पानी भर जाने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि घरों में पानी भरने के कारण रसोई तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। कई परिवार छतों पर भोजन बनाने को मजबूर हैं। पशुओं के लिए चारा लाना भी चुनौती बन गया है। वहीं, स्कूली बच्चों को रोजाना गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब का पानी घरों तक पहुंचने से सांप, बिच्छू, कछुए और अन्य जहरीले जीव भी रिहायशी इलाकों में दिखाई देने लगे हैं। इससे हर समय किसी अनहोनी का डर बना रहता है। शाम होते ही लोग अपने बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।