गाजीपुर बॉर्डर पर मौजूद जिले के किसान नेता
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय आह्वान पर जिले के किसान नेता रविवार को गाजीपुर बॉर्डर पहुंच गए। जिलाध्यक्ष तिलक सिंह राजपूत के नेतृत्व में पहुंचे किसान नेताओं ने आंदोलन में शामिल होकर यूनियन के राष्ट्रीय नेताओं के साथ हुई बैठक में भाग लिया। इसमें निर्णय लिया कि एमएसपी पर कानून नहीं बनने और तीनों कृषि कानून सरकार की ओर से वापस नहीं लेेने तक आंदोलन जारी रहेगा।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के आह्वान पर चार महीने से किसान दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं। किसान एमएसपी कानून बनाने तथा तीनों कृषि कानून वापस लेने की मांग पर अड़े हुए हैं। यूनियन के राष्ट्रीय आह्वान पर रविवार को भाकियू जिलाध्यक्ष तिलक सिंह राजपूत के नेतृत्व में किसान नेता गाजीपुर बॉर्डर पहुंच गए।
जिलाध्यक्ष ने मोबाइल पर बात करते हुए बताया रविवार को आगरा मंडल के यूनियन के पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए हैं। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा है जब तक केंद्र सरकार एमएसपी पर कानून नहीं बनाती। तीनों कृषि कानून वापस नहीं लेती तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। सरकार की दमनकारी नीति के आगे किसान नहीं झुकेंगे। किसान यूनियन पंचायत चुनाव में भाजपा सरकार का विरोध करेगी।