आगरा। जिस बाह की माटी ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विजय सिंह चौहान, अजित भदौरिया, रतन सिंह भदौरिया, अंकित शर्मा, मायाराम शर्मा को दिया। वही क्षेत्र आज भी स्टेडियम के लिए तरस रहा है। शुक्रवार को बाह की भाजपा विधायक पक्षालिका सिंह लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलीं। उन्होंने बताया कि बाह में स्टेडियम निर्माण के लिए 23.98 करोड़ का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपा है।
मुख्यमंत्री को बताया कि बाह क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए स्टेडियम की आवश्यकता है। बाह के उगनपुरा गांव में स्टेडियम निर्माण के लिए जमीन के अधिग्रहण की जानकारी दी। बटेश्वर के पर्यटन विकास के लिए आभार भी जताया। मुख्यमंत्री ने खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव पर जल्द ही अच्छे परिणाम का भरोसा दिलाया। बाह में स्टेडियम की मांग चार दशक पुरानी है। उगनपुरा में स्टेडियम के लिए जमीन अधिग्रहित हो गई है। 5 महीने पहले एडीएम न्यायिक धीरेंद्र सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार, बिजली विभाग के एपीएम एसपी द्विवेदी, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता तारकेश्वर, जेई चंद्रकेश की टीम ने अधिग्रहिृत जमीन का उगनपुरा में स्थलीय निरीक्षण किया था। रास्ते को लेकर तकनीकी पेच फंस गया था। विधायक ने बताया कि स्टेडियम निर्माण की हर बाधा को दूर कराने के प्रयास हो रहे हैं। बाह की खेल प्रतिभाओं के लिए जल्द ही स्टेडियम की सौगात मिलने की उन्होंने उम्मीद जताई है।
जैतपुर में मिनी स्टेडियम के लिए भूमि पूजन 26 को
बाह। अच्छी खबर ये है कि जैतपुर के सिद्धांतराज महाविद्यालय में मिनी स्टेडियम का निर्माण होगा। 26 जनवरी को निर्माण के लिए भूमि पूजन होगा। निर्माण के लिए 3 सदस्यीय समिति का शनिवार को गठन हुआ। जिसमें खेल कोच मुकेश शर्मा अध्यक्ष, खेल विशेषज्ञ अरुण दुबे, कृपा नारायन उर्फ छुट्टन शर्मा सदस्य होंगे। निर्माण समिति ने स्थलीय निरीक्षण भी किया। सिद्धांतराज महाविद्यालय में मिनी स्टेडियम का निर्माण बाह के मढ़ेपुरा गांव के रहने वाले दिल्ली के उद्योगपति रमेश शर्मा (पिल्लू भाई) कराएंगे। मेरठ के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेशराज शर्मा की पहल पर उन्होंने क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं के अभ्यास के लिए मिनी स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की थी। ताकि देश-विदेश में अपनी प्रतिभा के बूते सफलता का परचम लहरा सकें। वह खुद 26 जनवरी को भूमि पूजन करेंगे। इस मौके पर कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. मदन गोपाल सिंह भदौरिया, प्रबंध निदेशक राजबहादुर शर्मा, जेल अधीक्षक डॉ. वीरेशराज शर्मा, देवेंद्र शर्मा, देवेंद्र मिश्रा, सुभाष शर्मा, नरेंद्र भारतीय, अवधेश महेरे, राहुल शर्मा, सोहित भदौरिया, अरुण भदौरिया आदि रहे। संवाद