कासगंज। दीपोत्सव पर्व का शुभारंभ शनिवार को धनतेरस पर्व के साथ ही शुरू हो गया। पहले दिन धनतेरस पर खरीदारी करने के लिए लोग बाजारों में निकले तो बाजार भी झूम उठा। कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर जमकर बिक्री हुई। 40 से 50 करोड़ रुपये का जिले में कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। दो पहिया वाहन, सराफा, बर्तन, साज सज्जा, मिठाई, कपड़े व अन्य खान पान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी गई। यह हाल दिवाली के दिन देर शाम तक रहेगा और फिर लोग पर्व मनाने में व्यस्त हो जाएंगे। बाजारों में फुटपाथ से लेकर शोरूम तक हर जगह रौनक का आलम देखा गया। फुटपाथ पर मूर्ति, साज सज्जा का सामान, दीपक, मोमबत्ती आदि सामान की बिक्री करने वाले कारोबारी भी खुश नजर आ रहे थे।
जीएसटी रियायत के बाद गुलजार हुआ वाहन बाजार
कासगंज। धनतेरस के मौके पर ऑटोमोबाइल शोरूम पर खास रौनक देखने को मिली। जिन खरीदारों ने पहले से वाहनों की बुकिंग कराई थी उन्होंने धनतेरस के दिन वाहनों की डिलीवरी ली।, एक हजार से अधिक स्कूटी, बाइक, दुपहिया वाहन, ईरिक्शा आदि की बिक्री का अनुमान है। कारेाबारियों के मुताबिक बारह से पंद्रह कारोड़ का कारोबार ऑटो मोबाइल सेक्टर में हुआ है। कारोबारी हर्शल बंसल ने बताया कि जीएसटी की दरों में कमी से वाहनों की कीमत में कमी आई। जिसका लाभ ग्राहकों ने उठाया और वाहन खरीदे। ऑटाेमोबाइल कारोबारी निमिश अग्रवाल का कहना है कि स्कूटी और बाइकों की अच्छी बिक्री हुई है। एक हजार से अधिक दोपहिया व चार पहिया वाहनों की बिक्री का अनुमान है।