आगरा। दिवाली नजदीक आते ही शहर के बाजार रंग-बिरंगी लाइटों और सजावट के सामान से जगमगाने लगे हैं। इस बार स्वदेशी उत्पादों ने चाइनीज सामान को हावी नहीं होने दिया है। भारतीय उत्पाद सस्ते, टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल होने के कारण ग्राहकों की प्राथमिकता में शामिल हैं। इलेक्ट्रॉनिक पटाखा मशीन और ब्लूटूथ दीपक ग्राहकों की पहली पसंद बने हैं।
बेलनगंज, हींग की मंडी, राजामंडी, शाहगंज, बोदला, बल्केश्वर, कमला नगर सहित अन्य बाजारों में दुकानें स्वदेशी झालर और सजावटी सामानों से सज गई हैं। दुकानदारों के अनुसार टैरिफ वार के कारण ग्राहक स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं। साफ-सफाई के साथ सजावट के लिए इलेक्ट्रॉनिक लाइट और झालर की विभिन्न वैरायटी, आर्टिफिशियल फूल, इलेक्ट्रॉनिक ब्लुटूथ दीपक, कैंडल, नियोन बोर्ड के साथ इलेक्ट्राॅनिक पटाखों की मशीन ग्राहकों को खूब लुभा रही है। नए डिजाइन के सजावटी सामान की भरमार है।
बेलनगंज के दुकानदार शुभम श्रोतिय ने बताया कि दिवाली और छठ पूजा के लिए दो-तीन दिन से बाजार में रौनक बढ़ी है। खुदरा व्यापारी दिवाली की तैयारी को लेकर सामान की खरीदारी कर रहे हैं। झालरों की कई वैराइटी हैं, जिनकी शुरुआत 40 रुपये से है।
दुकानदार दीपक ने बताया कि बाजार में नई डिजाइन की लाइटें और सजावट सामग्री उपलब्ध हैं। दिवाली के नजदीक आते ही व्यापारियों के ऑर्डर पहले से ही बुक हैं। चाइनीज की तुलना में इस बार ग्राहक स्वदेशी उत्पादों को अधिक खरीदारी कर रहे हैं। हमारे यहां तिरंगा लाइट, रोप लाइट, झरना, मल्टीकलर में पाइप, झूमर, पानी से जलने वाले दीपक समेत झालरों की कई वैराइटी उपलब्ध हैं।
ऐसे काम करेगी पटाखा मशीन
इलेक्ट्रॉनिक पटाखा मशीन और ब्लूटूथ दीपक ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। 100 रुपये में ब्लूटूथ दीपक और एक हजार रुपये में इलेक्ट्राॅनिक पटाखा मशीन उपलब्ध है। इलेक्ट्राॅनिक पटाखा मशीन बिजली से चलती है। इसे रिमोट के जरिये चलाया जाता है, इसमें रॉकेट और बम की तेज आवाज निकलती है। वहीं ब्लूटूथ दीपक में स्पीकर लगा है, जिसे मोबाइल से कनेक्ट कर भजन और आरती में प्रयोग कर सकते हैं। मोबाइल से दीपक जला और बुझा सकते हैं।