मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिवाली पर पुलिस को चमचमाती लग्जरी गाड़ियों को गिफ्ट किया है। इनमें यूपी 100 के तहत आगरा पुलिस को 76 गाड़ियां दी गई हैं। 51 बोलेरो हैं और 25 इनोवा। इन्हें लाने के लिए गुरुवार को आगरा से ड्राइवरों समेत 200 पुलिसकर्मी लखनऊ भेजे गए। तमाम गाड़ियां आज शाम तक आगरा लाई जानी हैं। इन गाड़ियों के बाद पुलिस को 62 बाइक दी जाएंगी।
76 में से चार गाड़ियां रिजर्व में रखी जाएंगी। 51 में से तीन बोलेरो और 25 में से एक इनोवा। गाड़ियों को आज लखनऊ से एक साथ रवाना किया जाएगा। इन गाड़ियों को चलाने के लिए ड्राइवर तैनात किए जा चुके हैं। इनकी ट्रेनिंग भी हो चुकी है। गाड़ियों की तरह 62 में से चार बाइक रिजर्व में रखी जाएंगी। पुलिस से 83, पीएसी से 220 और होमगार्ड से 84 ड्राइवर तैनात किए हैं। ड्राइवर शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे। योजना शुरू किए जाने के लिए अब सिर्फ गाड़ियों पर तैनात किए जा रहे हेड कांस्टेबलों का शस्त्र प्रशिक्षण शेष रह गया है। इन्हें रिवाल्वर और पिस्टल दिए जाएंगे।
गाड़ियों में फर्स्ट एड किट के अतिरिक्त स्ट्रेचर भी होगी ताकि घायलों को मदद दी जा सके। गाड़ियों में दमकलकर्मी भी तैनात किए जा रहे हैं। बता दें, डायल 100 में सूचना मिलने पर पुलिस को 10 मिनट के अंदर पहुंचना है। गाड़ियों के कहीं भी आसानी के पहुंचने के लिए एक लाख 15 हजार प्वाइंट आफ इंटरेस्ट बनाए गए हैं।
सभी थाना क्षेत्रों का मैप तैयार किया गया है। कंट्रोल रूम से उसी गाड़ी के ड्राइवर को सूचना दी जाएगी जो घटनास्थल के सबसे नजदीक होगा। योजना में जिला या थानों की सीमा जैसी कोई बात नहीं रखी गई है।