बरहन। आगरा जलेसर मार्ग पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक के पेट में ट्रैक्टर में लगी लोहे की रॉड टूटकर घुस गई। उसे गंभीर हालत में बरहन पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसा शुक्रवार सुबह हुआ। नगला सरदार, कचौरा, सिकंदराराऊ निवासी ऋतिक (20) पुत्र अनुज राघव अपने साथी रोहित के साथ बाइक से आगरा जा रहा था। आगरा जलेसर मार्ग पर नगला हरीराम मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। ऋतिक के पेट में ट्रैक्टर में लगी लोहे की रॉड टूटकर घुस गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 108 नंबर एंबुलेंस व बरहन पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंवलखेड़ा में भर्ती कराया। परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर आगरा रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर चालक वाहन समेत भाग निकला।