एटा। शहर के जीटी रोड पर बस स्टैंड के पास एक होटल है। इसे संचालित करने वाले विशाल गोयल निवासी 283 सिविल लाइंस ने सल्लू और गणेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि 4 मई को यह दोनों लोग आए और गालियां देते हुए काउंटर से खींचकर पीटने लगे। महीनादारी मांगी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
विशाल गोयल ने रिपोर्ट में लिखा है कि 4 मई को शाम के लगभग 7:45 बजे वह अपने होटल पर बैठा हुआ था। यहां कई ग्राहक परिवार के साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। उसी समय बुलेट बाइक पर दो युवक आए और कमरा मांगा। उनकी आईडी देखने के बाद जब पैसे मांगे, तो एक ने कहा कि वह यहां का बदमाश है। एटा में कोई होटल वाला उससे पैसे नहीं मांगता। इसके बाद गालियां देते हुए काउंटर से खींच लिया और दोनों लोग पीटने लगे।
भोजन कर रहे लोग घबराकर खाना छोड़कर भाग गए। कुछ पुरुष ग्राहकों ने इन लोगों के चंगुल से बचाया। जब पुलिस को फोन लगाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने कहा कि वह किसी से नहीं डरते। पुलिस उनकी जेब में रहती है। अब दो नाम याद कर ले सल्लू और गणेश। अगर महीनादारी देगा तो तेरा होटल चलने देंगे। नहीं तो तुझे जान से मार देंगे। इसी बीच गणेश ने कमर में लगा तमंचा बार-बार दिखाया और जान से मारने की धमकी दी। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है।