मंडी समिति के पास से गुजरती हाईटेंशन लाइन और निर्माण के लिए की गई बैरीकेडिंग। अमर उजाला
आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने दूसरे कॉरिडोर में मंडी समिति पर हाईटेंशन लाइन ऊंची करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यहां हाईटेंशन लाइन को 26 मीटर ऊंचा किया जाएगा। यहीं पर मेट्रो स्टेशन बनाया जाना है। दिसंबर तक मेट्रो परियोजना पूरी हो जाएगी, इससे लोगों को यातायात की बड़ी सुविधा मिलेगी।
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि दूसरे कॉरिडोर में आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक एलिवेटेड ट्रैक बनाया जा रहा है। इसमें मंडी समिति के पास 133 केवी की विद्युत लाइन गुजर रही है। इसको ऊंचा किए बिना मेट्रो ट्रेन के लिए एलिवेटेड ट्रैक नहीं बन पाएगा। ऐसे में हाईटेंशन लाइन को 26 मीटर तक ऊंचा करते हुए सिंगल पिलर से गुजारने की योजना है। अभी विद्युत लाइन के लिए चार खंभा लगे हुए हैं। इसके लिए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन को भी पत्र लिखा है।
शटडाउन लेने के बाद हाईटेंशन लाइन के खंभों को ऊंचा किया जाएगा। इसमें एक ओर के तीन और दूसरी ओर का एक खंभा ऊंचा किया जाएगा। हाईटेंशन लाइन ऊंचा होने से ट्रैक बनाने के कार्य की गति बढ़ जाएगी। दिसंबर तक यह ट्रैक बनकर पूरा हो जाएगा। इससे आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक मेट्रो की सुविधा शुरू हो जाएगी। पहले चरण में आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक ट्रैक बन रहा है। इसमें जून में ट्रायल शुरू कर दिए जाएंगे। इसके बाद मेट्रो ट्रेन चलने लगेगी। इस तरह से दिसंबर तक पहला कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक भी पूरा हो जाएगा।