आगरा। आरबीएस इंटर कॉलेज क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर अंडर-14 क्रिकेट शृंखला का पहला मुकाबला खेला गया। इसमें अनुस्जग क्रिकेट एकेडमी, गुरुग्राम ने मेजबान टीम को पांच विकेट से हरा दिया। गुरुग्राम की जीत में सावन सिंह की शानदार गेंदबाजी और आयुष पांडे की नाबाद अर्धशतकीय पारी निर्णायक रही।
निर्धारित 30 ओवर के मैच में आरबीएस एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी की। टीम 25.1 ओवर में 112 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। वैभव ने 19 और शशांक सिंह ने 14 रन का योगदान दिया। गुरुग्राम की ओर से सावन सिंह ने तीन विकेट झटके। ऋषभ राज और वीर भाटी ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अनुस्जग क्रिकेट एकेडमी ने 27.3 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल की। आयुष पांडे ने नाबाद 54 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। बघेल ने भी 21 रन की उपयोगी पारी खेली।
आरबीएस की ओर से कृष ने दो विकेट लिए, जबकि पृथ्वी शर्मा और हर्षित को एक-एक विकेट मिला। शानदार गेंदबाजी के लिए सावन सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार अनुस्जग क्रिकेट एकेडमी, गुरुग्राम के कोच अंबेश ने प्रदान किया। मैच के दौरान आगरा डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रकाश कौशल, नवीन गोस्वामी, डॉ. चंद्रशेखर शर्मा, विवेक यादव, फैसल रईस, अतुल सोलंकी, हरेंद्र परमार और नागेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।