काश्तकारों से 1.53 अरब में खरीदी जाएगी 24 हेक्टेयर जमीन
जमीन खरीद की प्रक्रिया को 28.40 करोड़ भी स्वीकृत किए गए
इंटरनेशनल एयरपोर्ट की लड़ाई लड़ रहे शहर को बेशक अपनी मंजिल न मिली हो लेकिन राहत की खबर ये है कि प्रदेश सरकार ने सिविल एंक्लेव (टर्मिनल) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नागरिक उड्डयन विभाग ने काश्तकारों से जमीन खरीदकर भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण को नि:शुल्क सौंपने के निर्देश दिए हैं। भूमि खरीद की प्रक्रिया को शुरू करने के लिए लगभग 28 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान कर दी है।
गौरतलब है कि शहर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट की मांग कई वर्षों से हो रही है लेकिन तमाम तकनीकी और राजनीतिक अड़चनों के कारण मामला हर बार खटाई में चला जाता है। इसके विकल्प के रूप में प्रशासन ने खेरिया एयरपोर्ट का विस्तार कर वहां सिविल एंक्लेव (टर्मिनल) बनाने का प्रस्ताव रखा था। इसके लिए तीन गांवों में करीब 24 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण का प्रस्ताव भेजा था। हालांकि शुरुआती दौर में किसानों ने इसका विरोध किया लेकिन जब सर्किल रेट के चार गुना भुगतान का प्रस्ताव उनके सामने रखा गया तो किसानों ने सहमति दे दी। जमीन खरीद के लिए प्रशासन ने करीब 1.53 अरब रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा था। तमाम परीक्षण के बाद शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सचिव एसके रघुवंशी ने निदेशक नागरिक उड्डयन उत्तर प्रदेश को पत्र लिखकर भूमि क्रय करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। शासन ने 28.40 करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी कर दी है।
इस तरह व्यय होगी धनराशि
मद राशि
काश्तकारों की 23.3181 हेक्टेयर भूमि का मूल्य 1,49,03,95,600 रुपये
भूमि पर अवस्थित संपत्तियों का मूल्य 2,67,90,890 रुपये
पंजीयन शुल्क 50,00,000 रुपये
बैनामा लिखाई पर व्यय 47,000 रुपये
ग्राम सभा की 0.323125 हेक्टेयर भूमि का मूल्य 1,44,70,500 रुपये
तीन गांवों में से होगी जमीन की खरीद
सिविल एंक्लेव के लिए जमीन की खरीद तीन गांवों से होगी। तहसील सदर और भूमि अध्याप्ति कार्यालय ने जमीन की नापजोख कर नक्शा तैयार कर लिया है। इसके मुताबिक गांव धनौली में 20.8029 हेक्टेयर, बल्हेरा में 0.2380 हेक्टेयर और अभयपुरा में 2.2772 हेक्टेयर जमीन खरीदी जाएगी। इसके साथ ही तीनों गांवों में ग्राम सभा/सरकारी जमीन का करीब 0.323125 हेक्टेयर भूमि भी खेरिया एयरपोर्ट में शामिल की जाएगी।
पर्यटन उद्योग को लगेंगे पंख
सिविल टर्मिनल के बाद शहर के पर्यटन कारोबार को पंख लगने की उम्मीद है। दरअसल आगरा में फिलहाल सिविल फ्लाइटों को लिए वायुसेना के खरिया एयरपोर्ट का प्रयोग किया जाता है। उसकी कुछ चुनिंदा फ्लाइट ही आगरा से जुड़ी हैं। टर्मिनल बनने के बाद यात्रियों के लिए अलग संपर्क मार्ग होगा और फ्लाइटों की संख्या में इजाफा होगा। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो सिविल टर्मिनल की पहुंच सीधे इनर रिंग रोड, ग्वालियर रोड और यमुना एक्सप्रेस वे से होगी।