भोगांव। गांव जमैयतगंज में सोमवार सुबह एक घर में घुसकर बदमाशों ने अनोखे तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में मौजूद युवती को पहले नशे का इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद घर से जेवर-नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना व पूछताछ के बाद घटना को संदिग्ध मान रही है।
थाना क्षेत्र के गांव जमैयतगंज निवासी सुशील कुमार ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह मां मीरा देवी के साथ खेत पर चारा काटने के लिए गए थे। घर पर अविवाहित बहन सुमन व बाबा रामचंद्र मौजूद थे। खेत से कुछ देर बाद वापस लौटे तो घर में बहन बेहोश मिली। कमरों में सामान अस्त व्यस्त था। बहन को पानी के छींटे मारकर उठाया। बहन का कहना है कि दो बदमाश घर में आए थे। उसे नशे का इंजेक्शन लगाया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद अलमारी और बक्सों में रखे जेवर और नकदी समेट ले गए। सूचना पर सीओ भोगांव ऋषिकांत शुक्ला ने घटनास्थल पर आकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। सीओ ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे की घटना बताई जा रही है। घर में घुसे बदमाश का इंजेक्शन लगाकर बेहोश करना सहित कई ऐसी बातें हैं, जो वारदात को संदिग्ध बना रही है। पुलिस सभी तथ्यों पर गहनता से जांच कर रही है। जो भी सत्यता होगी। उसके आधार पर पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।