फतेहाबाद फोटो। पिन्नापुरा गांव में आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते पूर्व विधायक
फतेहाबाद। विगत 15 जून को फतेहाबाद फिरोज़ाबाद मार्ग पर पूठपुरा के पास थार कार से बाइक सवार युवक टक्कर के दौरान हुई मौत के विरोध में ग्रामीणों ने शव रखकर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन पर पथराव किया था। इसमें 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस 35 नामजद सहित 250 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अब तक 20 लोगों को जेल भेज चुकी है। इसके विरोध में बृहस्पतिवार को पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा ने ग्रामीणों के साथ पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार से मिलकर शिकायत की कि फतेहाबाद पुलिस निर्दोष लोगों को जेल भेज रही है। पुलिस आयुक्त ने थाना फतेहाबाद पुलिस को ग्रामीणों के साथ जन चौपाल लगाने के निर्देश दिए।
पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा ने पुलिस आयुक्त को बताया कि फतेहाबाद के गांव पूठपुरा पिन्नापुरा तथा पास के गांव के ग्रामीण अधिकांश अपने घरों को छोड़कर भाग गए हैं, क्योंकि पुलिस लगातार दबिश देकर लोगों को जेल भेज रही है। कुछ निर्दोष लोग भी जेल भेजे गए हैं। पुलिस की कार्रवाई से सभी गांव के लोग डरे हुए हैं। पुलिस आयुक्त ने प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद को दोनों गांव के लोगों के साथ बैठकर जन चौपाल लगाने और आपसी बातचीत के आधार पर माहौल सामान्य करने के निर्देश दिए। पूर्व विधायक के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद ने पूठपुरा में ग्रामीणों के साथ बैठकर जन चौपाल का आयोजन किया। इसमें प्रभारी निरीक्षक ने कहा है कि सड़क दुर्घटना व हत्या दोनों में अंतर होता है। सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद जिन लोगों ने पुलिस पर पथराव किया है। जांच के बाद उन पर कार्रवाई होगी। जो लोग निर्दोष हैं, उनको पुलिस जेल नहीं भेजेगी। इस दौरान देवेंद्र वर्मा एडवोकेट, राजेंद्र सिंह, लेखराज वर्मा, योगेश चौहान, सतीश वर्मा, रामसेवक वर्मा, मनीष वर्मा, प्रधान नवाब सिंह, पूर्व प्रधान भगवती प्रसाद, डॉ. लाला बहादुर वर्मा, रमन वर्मा आदि मौजूद रहे।