मैनपुरी। खरपरी रोड पर बुधवार सुबह रुपये के लेन देन को लेकर युवकों के दो गुट में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष के दो युवक घायल हो गए। लोगों को एकत्र होता देख झगड़ा कर रहे युवक वहां से भाग गए। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।
खरपरी रोड निवासी एक युवक शहर में किसी दुकान पर काम करता है। उसने कुछ दिन पूर्व एक युवक से रुपये उधार लिए थे। काफी समय होने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए तो मंगलवार शाम दोनों में कहासुनी हो गई। बुधवार सुबह युवक बाइक से काम पर जा रहा था। तभी घर से कुछ दूरी पर बाइकों पर खड़े पांच छह युवकों ने रोक कर गाली गलौज करना शुरू कर दिया।
रुपये वापस करने के लिए धमकाते हुए पीटने लगे। इस बीच पिट रहे युवक के कुछ साथी भी आ गए। इसके बाद दोनों पक्ष के लोगों में जमकर मारपीट होने लगी। झगड़ा होता देख आसपास के लोग एकत्र हुए तो झगड़ा कर रहे युवक वहां से भाग निकले। दो युवक मारपीट में चोटिल हुए। समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।