कासगंज। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत बृहस्पतिवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने अन्य अधिकारियों के साथ श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह विकास खंड सोरोंजी की ग्राम पंचायत देवरी प्रह्लादपुर पहुंचे। वहां ग्राम प्रधान व अन्य ग्रामीणों के साथ श्रमदान करते हुए सफाई की और एकत्रित कूड़े को हटाकर पौधरोपण कर वाटिका का रूप दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी जरूरी है। लोग अपने आस पास के इलाके की स्वच्छता को लेकर सजग रहें और पर्यावरण के लिए पौधरोपण करें। जिलाधिकारी ने सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर भी आयोजित कराया। ब्लॉकवार कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सचिन, अपर जिलाधिकारी दिग्विजय सिंह व, ग्राम प्रधान, सचिव व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।