आगरा। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति की ओर से गोशाला बल्केश्वर में श्रीकृष्ण लीला हो रही है। बृहस्पतिवार को छठवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की माखन-चोरी एवं कालिया नाग मर्दन की लीला का मंचन किया गया। माखन-मटकी, ग्वालनों से तकरार और यमुना तट की लीला का मंचन देख श्रद्धालु मुग्ध हो उठे। शुभारंभ श्रीकृष्ण की आरती से हुआ।
मंचन में बाल-कृष्ण की माखन-चोरी की अठखेलियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छोटे-छोटे बच्चों के श्रीकृष्ण और ग्वाल-बाल का रूप धारण कर माखन की मटकी फोड़ने के मंचन ने दर्शकों को खूब आनंदित किया। इसके बाद कालिया मर्दन की लीला का मंचन किया गया। यमुना में गिरी गेंद लाने गए कृष्ण कालिया नाग से द्वंद में परास्त कर उसके फनों पर नृत्य करते निकलते हैं। इस दौरान श्रद्धालु कन्हैया लाल की जय, कालियामर्दन लाला की जय का गुणगान करते हैं।
स्वरूपों की आरती मुख्य अतिथि आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने की। इस मौके पर राजेश अग्रवाल, राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग, राजेंद्र गुप्ता, कन्हैया लाल राठौर, महावीर मंगल, सुंदर चेतवानी, अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महामंत्री विजय रोहतगी, कोषाध्यक्ष संजय गोयल, संयोजक शेखर गोयल, अशोक गोयल, संजय गर्ग, राजेश सिंघल, धीरज वर्मा, विनीत आदि मौजूद रहे। समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को लीला महोत्सव में पहली बार मीरा बाई के चरित्र प्रसंग का मंचन किया जाएगा। इस दौरान मीरा और श्रीकृष्ण के अनन्य प्रेम, अद्वितीय समर्पण, भक्ति-रस और त्याग को जीवंत किया जाएगा।