लखनपुरा के तालाब में मरी हुई मछलियों से बीमारी फैलने की आशंका से ग्रामीण परेशान
बाह। जैतपुर के तालाब में सोमवार को सैकड़ों मछलियां मरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मछलियों की मौत से बीमारी फैलने के अंदेशे से ग्रामीण परेशान हैं। ब्लॉक प्रशासन ने बुधवार से तालाब की सफाई कराए जाने की बात कही है।
जैतपुर के लखनपुरा गांव में तालाब में सैकड़ों मछलियाें की मौत से हड़कंप मच गया है। तालाब के किनारे मछलियों के ढेर लग गए हैं। गांव के लोग मछलियां पकड़ कर ले जा रहे हैं। महज दो दिन में सैकड़ों मछलियां दम तोड़ चुकी हैं। गांव के धीरज कुमार, दुर्गेश थापक, सुमित, अमित, कप्तान सिंह, मुरारीलाल, रवि राजपूत, गौरव, सुनील कुमार, सनोज कुमार, मनोज कुमार ने मछलियों की मौत की जांच कराने एवं बीमारी फैलने का अंदेशा जताते हुए तालाब की सफाई कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी नीरज तिवारी ने बताया तालाब की सफाई के निर्देश पंचायत सचिव को दिए हैं। बुधवार से तालाब की सफाई शुरू होगी। बता दें कि सोमवार को मछलियों की मौत का वीडियो वायरल हुआ था।