आगरा। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान ने मंगलवार को पुल, सड़क और भवन निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। फतेहाबाद के भोलपुरा और फिरोजाबाद के रामदासपुरा को जोड़ने वाले यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल के बीम लॉन्चिंग के समय क्षतिग्रस्त होने और काम में लेटलतीफी पर फटकार लगाई। ठेकेदार के खर्चे पर पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से का दोबारा निर्माण कराने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मंगलवार को आगरा मंडल में पीडब्ल्यूडी के कार्यों की समीक्षा करनी थी, लेकिन उनका दौरा रद्द हो गया। सीएम के निर्देश पर प्रमुख सचिव अजय चौहान ने मंगलवार को मंडलायुक्त सभागार में समीक्षा की। बैठक के बाद सेतु निगम के प्रबंध निदेशक धर्मवीर सिंह के साथ निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
प्रबंध निदेशक ने रामदासपुरा के पास यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल के काम में लेटलतीफी और खामियां मिलने पर अधिकारियों, इंजीनियरों और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने लॉन्चिंग के दौरान क्षतिग्रस्त हुए बीम को ठेकेदार के ही खर्च पर दोबारा बनाने के निर्देश दिए। पुल का भौतिक कार्य अब तक केवल 74 प्रतिशत ही पूरा हो सका है। पुल के पहुंच मार्ग (अप्रोच रोड) का निर्माण कार्य अभी तक शुरू ही नहीं किया गया है, जिस पर प्रबंध निदेशक ने नाराजगी व्यक्त की।
सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की आईआईटी से कराई जाएगी जांच
मंडल में निर्माणाधीन सभी परियोजनाओं की थर्ड पार्टी जांच अब आईआईटी स्तर के अधिकृत संस्थानों से कराने के निर्देश प्रमुख सचिव ने दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सेतु निगम के एमडी ने फिरोजाबाद शहर में जैन मंदिर के निकट निर्माणाधीन फ्लाईओवर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि किसी भी हाल में फ्लाईओवर के बचे हुए काम को अक्तूबर 2026 तक पूरा कर लिया जाए।
-
यूनिटी मॉल का भी किया निरीक्षण
आरओबी 63 पर कराए गए मरम्मत कार्य का भी जायजा लिया गया। वर्तमान में यहां केवल एक लेन में यातायात चालू है। भविष्य में जनता को कोई असुविधा न हो, इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पूरे पुल का एक बार फिर से तकनीकी रूप से गहन निरीक्षण किया जाए। इसके अलावा प्रमुख सचिव ने शिल्पग्राम में निर्माणाधीन यूनिटी मॉल का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में विभागाध्यक्ष पीडब्ल्यूडी एके द्विवेदी, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।