कासगंज। शहर का रोडवेज डिपो एक ऐसा डिपो जिसका वर्कशॉप भी किराए के भवन मेें संचालित होता है। निगम ने छह वर्ष पहले अपना वर्कशॉप का निर्माण शुरू कराया। लेकिन कार्यदायी संस्था अभी तक इस निर्माण को पूरा नहीं कर पाई है। ऐसे में डिपो में बसें खड़ी करने के लिए काफी परेशानी होती है। वहीं अनावश्यक रूप से किराए के भवन में संचालित वकॅशॉप का किराया भी देना पड़ रहा है।
वर्कशॉप का निर्माण वर्ष 2019 में रिजर्व पुलिस लाइन के पास शुरू किया गया था। भवन के निर्माण को लेकर कार्यदायी संस्था की लापरवाही बनी रही। निर्माण काफी सुस्त गति से चला। वर्कशॉप के निर्माण का जिम्मा यूपी राज्य निर्माण सहकारी संघ सौंपा गया था। कार्यदायी संस्था के निर्माण अनुमति की अवधि वर्ष 2023 में समाप्त हो गई। इसके बाद वर्कशॉप के निर्माण का कार्य भी लटक गया। पांच करोड़ की लागत के इस प्रोजेक्ट में करीब चार करोड़ से अधिक खर्च हो चुके हैं। वर्कशॉप का फर्श अभी तक नहीं बना है। जबकि प्लास्टर का कार्य भी बाकी है। इसके अलावा अन्य कार्य भी अधूरे हैं। अब फिर से कार्यदायी संस्था को निर्माण की अनुमति दी है। विभाग उम्मीद जता रहा है कि मार्च तक वकॅशॉप निर्माण पूर्ण हो जाएगा। निर्माणदायी संस्था ने कार्य भी शुरू कर दिया है। वर्कशॉप संचालित होने पर निगम की बसें वर्कशॉप में खड़ी हो सकेंगी और उनके मेंटीनेंस का कार्य हो पाएगा।