मैनपुरी। लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले की उखड़ी पड़ी सड़कों की मरम्मत कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने भोगांव और बेवर क्षेत्र की चार सड़कों की मरम्मत कराने के लिए 66 लाख की धनराशि जारी की है। धनराशि जारी करने के साथ ही विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
भोगांव और बेवर क्षेत्र में कई सड़कें उखड़ी पड़ी हुई हैं। क्षेत्रीय लोगों ने इन सड़कों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग के साथ ही जन प्रतिनिधियों को शिकायती पत्र दिए थे। लोक निर्माण विभाग ने अब इन सड़कों की मरम्मत कराने का निर्णय लिया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से पटना टिलुआ मार्ग की मरम्मत के लिए 13 लाख, दानचौरा भवानी नगर मार्ग के लिए 8.60 लाख रुपये की धनराशि जारी की है।
इसके साथ ही बीलपुर से कांसेपुर मार्ग के लिए 17.30 लाख और टोडरपुर मार्ग के लिए 27.10 लाख की धनराशि जारी की गई है। अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग अखिलेश्वर कुमार अरुण ने बताया कि विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया जारी है। जल्द ही कार्यदायी संस्था को नामित करते हुए सड़क के निर्माण का कार्य विभागीय प्रक्रिया के तहत पूरा कराया जाएगा।