फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: परिषदीय स्कूलों का हाल... शिक्षक नदारद, मिड-डे मील की गुणवत्ता खराब

Fri, 22 Aug 2025 11:42 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
मैनपुरी। कुरावली और सुल्तानगंज विकास खंडों में कुछ प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों का बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। इसमें उन्हें कई अनियमितताएं मिलीं। कहीं शिक्षक बिना बताए स्कूल से गायब मिले तो कहीं उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर कर चले गए। वहीं, मिड-डे मील की गुणवत्ता भी खराब मिली। इस पर बीएसए ने लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि सबसे पहले विकास खंड कुरावली के प्राथमिक विद्यालय फतेहजंगपुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय अलूंपुरा का दौरा किया। प्राथमिक विद्यालय फतेहजंगपुर में प्रधानाध्यापक नेम सिंह और सहायक अध्यापक मुनेंद्र कुमार एफएलएन प्रशिक्षण में गए हुए थे। सहायक अध्यापक अवनीश कुमार स्कूल में उपस्थित मिले। मिड-डे-मील में मेनू के अनुसार ‘तहरी’ बनाई गई थी। इसकी गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर चेतावनी दी। स्कूल में कुल 85 छात्रों के नामांकन के मुकाबले केवल 59 छात्र ही उपस्थित थे। उच्च प्राथमिक विद्यालय अलूंपुरा में दोपहर 11:55 बजे निरीक्षण के समय प्रधानाध्यापक प्रभाकर सिंह राठौर, अनुदेशक राजू मिश्रा और रेखा उपस्थित पाए गए। सहायक अध्यापिका कल्पना शाक्य बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थीं। इस पर प्रधानाध्यापक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। मिड-डे-मील पंजिका में 89 छात्रों में से 67 की उपस्थिति दर्ज थी, जबकि निरीक्षण के समय केवल 38 बच्चे ही मौजूद थे।
विज्ञापन

छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर उठे सवाल
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने कक्षा का अवलोकन किया और पाया कि किसी भी छात्र की किसी भी विषय की नोटबुक नहीं बनवाई गई थी और न ही विषयवार पाठ्यपुस्तकों से पढ़ाया जा रहा था। जब छात्रों से विषय से संबंधित प्रश्न पूछे गए, तो कोई भी छात्र जवाब नहीं दे सका। खराब शैक्षणिक गुणवत्ता और मिड-डे-मील में अनियमितता के चलते बीएसए ने प्रधानाध्यापक प्रभाकर सिंह राठौर को वर्ष 2024-25 के लिए ‘विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि’ दी है। इसके साथ ही, विद्यालय की कमियों में सुधार होने तक उनके वेतन पर रोक लगा दी है।

सुल्तानगंज में भी मिली अनियमितताएं
बीएसए ने सुल्तानगंज के कंपोजिट विद्यालय लहरा और उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला सेमर का भी निरीक्षण किया। कंपोजिट विद्यालय लहरा में सहायक अध्यापक ओमवीर सिंह ने 12 बजे उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर किए थे और उसके बाद वे चले गए थे। अनुपस्थित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बीएसए ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा की गुणवत्ता और मिड-डे-मील में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें