टिकट के लिए दिल्ली और लखनऊ के चक्कर काट रहे सपा, रालोद और कांग्रेस नेताओं को महागठबंधन की उम्मीद ने थोड़ी सी टेंशन दे दी है। पहले तो यही परेशानी थी कि उम्मीदवार कैसे बनेंगे, अब खतरा यह भी हो गया है कि जिस सीट से विधानसभा पहुंचने की तैयारी में रात दिन एक कर रखे हैं, वह दूसरे दल के कोटे में न पहुंच जाए। जनपद की सभी नौ सीटों पर इन तीन दलों से कम से कम 120 नेताओं ने टिकट पर अपनी अपनी दावेदारी ठोक रखी है।
हालांकि 2012 के विधानसभा चुनाव में रालोद और कांग्रेस के बीच गठबंधन था। तब केंद्र में यूपीए की सरकार थी। रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह नागरिक उड्डयन मंत्री थे। दोनों दलों के बीच आगरा में भी सीट बंटवारा हुआ था।
पांच सीटों पर कांग्रेस लड़ी थी और चार पर रालोद। कांग्रेस ने आगरा केंट (सुरक्षित), आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर, आगरा देहात और बाह से उम्मीदवार खड़े किए थे। रालोद ने फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, एत्मादपुर, और फतेहाबाद से। दोनों में से किसी का प्रत्याशी जीत नहीं पाया।
सपा सभी नौ सीटों पर लड़ी थी। इनमें सिर्फ बाह में जीत मिली थी। राजनीति के जानकारों का कहना है कि अगर गठबंधन होता है तो सीटों का बंटवारा पिछले चुनावों में दलों के लेखाजोखा के आधार पर होता है। इस लिहाज से आगरा में सपा की स्थिति कांग्रेस और रालोद से बेहतर है। हालांकि और पीछे के आंकड़े लिए गए तो स्थिति अलग है।
2012 में रालोद की परफोरमेंस
वि.स. क्षेत्र उम्मीदवार प्राप्त मत स्थान
फतेहपुर सीकरी चौधरी बाबूलाल 34330 तीसरा
खेरागढ़ उमेश चंद्र सेंथिया 30432 तीसरा
एत्मादपुर बाबा हरदेव सिंह 20750 चौथा
फतेहाबाद सतीश चंद्र उपाध्याय 1940 पांचवां
पांच सीटों पर लड़ी थी कांग्रेस
वि.स. क्षेत्र उम्मीदवार प्राप्त मत स्थान
आगरा कैंट हरिकिशन पिप्पल 23339 चौथा
आगरा दक्षिण नजीर अहमद 39962 तीसरा
आगरा उत्तर सुमित विभव 38258 तीसरा
आगरा देहात उपेंद्र सिंह 38832 तीसरा
बाह अमरचंद 2123 चौथा
सभी सीटों पर थे सपा उम्मीदवार
वि.स. क्षेत्र उम्मीदवार प्राप्त मत स्थान
एत्मादपुर डा. प्रेम सिंह बघेल 71478 दूसरा
आगरा कैंट जीएस धर्मेश 61371 दूसरा
आगरा दक्षिण शरीफ उस्मानी 13408 चौथा
आगरा उत्तर अभिनव शर्मा 29499 चौथा
आगरा देहात हेमलता 51123 दूसरा
फतेहपुर सीकरी डा. सत्यप्रकाश 4633 छठा
खेरागढ़ रानी पक्षलिका सिंह 62427 दूसरा
फतेहाबाद राजेन्द्र सिंह 72399 दूसरा
बाह महेंद्र अरिदमन सिंह 99379 विजयी
आगरा में सपा मजबूत स्थिति में है। हमारी तैयारी सभी सीटों पर चुनाव जीतने की है। गठबंधन पर फैसला हाईकमान करेगा
- राम सहाय यादव , जिलाध्यक्ष सपा।
गठबंधन का निर्णय हाईकमान का होगा। अभी तक हमारी आगरा की सभी नौ सीटों पर चुनाव की पूरी तैयारी है।
बृजेश चाहर, जिलाध्यक्ष रालोद
अभी गठबंधन के बारे में कोई निर्देश नहीं मिला है। अगर गठबंधन होता है तो पार्टी नेतृत्व के फैसले के आधार पर काम करेंगे। हमारी सभी सीटों पर तैयारी है।
दुष्यंत शर्मा, जिलाध्यक्ष कांग्रेस।