आगरा। भारतीय क्रिकेट के लिए जारी किए गए बीसीसीआई के सालाना सीनियर सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में आगरा के दो खिलाड़ियों को जगह मिलना शहर के लिए गर्व का पल है। सीनियर महिला वर्ग में स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को ग्रेड-ए में शामिल किया गया है, जबकि आगरा के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरैल को पुरुष सीनियर वर्ग में ग्रेड-सी का कॉन्ट्रैक्ट मिला है।
दीप्ति शर्मा लंबे समय से भारतीय महिला टीम की रीढ़ मानी जाती हैं। गेंद और बल्ले दोनों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। ग्रेड-ए में शामिल होना उनके निरंतर प्रदर्शन और टीम में अहम भूमिका का प्रमाण है।
वहीं ध्रुव जुरैल के लिए यह उपलब्धि कॅरिअर में एक और बड़ा कदम है। विकेट के पीछे फुर्ती, दबाव में बल्लेबाजी और घरेलू से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर उन्होंने सीनियर सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह बनाई है। यह आगरा के युवा क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणादायक है।
इस उपलब्धि पर शहर के वरिष्ठ क्रिकेट कॉमेंटेटर नरेंद्र शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीप्ति और ध्रुव की सफलता यह साबित करती है कि आगरा की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
दीप्ति व ध्रुव जुरैल