आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में बुधवार को श्रीकृष्ण योगीराज महाविद्यालय सिकंदराराऊ, हाथरस (कोड 149) में सामूहिक नकल पकड़ी गई। विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में स्थापित कंट्रोल रूम की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया गया है। परीक्षार्थी झुंड में बैठकर परीक्षा दे रहे थे।
अलीगढ़ मंडल के लिए स्थापित कंट्रोल रूम के प्रभारी प्रो. मनु प्रताप की ओर से विश्वविद्यालय के अधिकारियों को रिपोर्ट दी गई कि दूसरी पाली में बीएससी तृतीय वर्ष के केमेस्ट्री तृतीय प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान श्रीकृष्ण योगीराज महाविद्यालय के कक्ष में परीक्षार्थी झुंड में बैठकर परीक्षा दे रहे थे। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से केंद्र की निगरानी के दौरान नकल पकड़ में आई। कंट्रोल रूम से नकल करने की वीडियो क्लिप बनाकर अधिकारियों को दी गई।
रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने परीक्षा केंद्र को निरस्त कर दिया गया है। एक-दो दिन की परीक्षाएं इसी केंद्र पर होंगी, बाकी परीक्षाएं किसी अन्य केंद्र पर कराई जाएंगी। वेबसाइट पर इसकी जानकारी डाल दी जाएगी। कॉलेजों की लॉगइन आईडी में भी सूचना डाल दी जाएगी। नकल के संबंध में यूएफएम कमेटी में निर्णय लिया जाएगा।