फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: दुल्हन के ममेरे भाई की करतूत, मंडप सजने से पहले टूटा शादी का बंधन

विज्ञापन
विज्ञापन
बाह। दुल्हन के ममेरे भाई ने ऐसी हरकत कर दी कि शादी का रिश्ता ही टूट गया। उसने पहले फोन कॉल पर लड़की पक्ष को धमकी दी कि शादी नहीं होने देगा। फिर दूल्हे को धमकी दी कि बरात नहीं चढ़ने देगा। बरात आई तो गोली कांड होगा। लग्नोत्सव एवं मंडप की दावत हो चुकी थी, बरात की तैयारी हो रही थी। रिश्तेदार की करतूत के बाद दुल्हन और दूल्हा पक्ष थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों में रिश्ता तोड़ने पर सहमति बन गई। लेन देन वापस किए जाने को लेकर मैराथन पंचायत चली।
विज्ञापन

बाह क्षेत्र के एक गांव के युवक का रिश्ता दूसरे गांव की युवती के साथ तय हुआ था। 6 मार्च को धूमधाम से लग्नोत्सव हुआ था। सोमवार को दूल्हा पक्ष ने मंडप की दावत की थी। मंगलवार को बरात चढ़नी थी। सगे संबंधियों को बरात के लिए बुलावा दिया गया था। दुल्हन पक्ष ने भी बरात के लिए बाह कस्बे के एक मैरिज गार्डन को बुक किया था। दावत का खाना तैयार हो गया था। रिश्तेदार जुट गए थे। दोनों ही परिवारों में शादी को लेकर मंगल गाए जा रहे थे। बरात चढ़ाई से महज 6 घंटे पहले दुल्हन के ममेरे भाई ने उसके पिता को फोन कॉल पर धमकी दी कि बेटी की शादी नहीं होने देगा, उसके पास कई गुंडे हैं। दुल्हन के पिता ने पुलिस को बताया कि धमकी से परिवार दहशत में है। उसने दूल्हे को भी धमकी दी है कि किसी भी सूरत में बारात नहीं चढ़ने देगा, गोली कांड भी हो सकता है। ममेरे भाई की हरकत को लेकर दुल्हन और दूल्हा पक्ष बाह थाने पहुंच गए। पुलिस को उसकी करतूत बताई। आखिरकार उसकी हरकत से शादी का रिश्ता टूट गया। अनहोनी की आशंका से सहमे दोनों परिवार अपना लेन देन वापस करने पर सहमत हो गये। लेन देन वापसी को लेकर दोनों पक्षों में मैराथन पंचायत हुई। शादी का रिश्ता टूटने से दोनों परिवारों में हंसी खुशी के माहौल की जगह पर सन्नाटा पसर गया है। इस संबंध में पूछे जाने पर बाह के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्ष शादी के रिश्ते को तोड़ने पर सहमत हो गये हैं। संभ्रांतजनों के साथ दोनों पक्ष लेन देन वापसी को लेकर पंचायत कर रहे हैं।


इंसेट
शादी में खलल डालने वाले ममेरे भाई का शांतिभंग में चालान
- शादी के रिश्ते में खलल डालने वाले दुल्हन के ममेरे भाई का पुलिस ने शांतिभंग में चालान किया है। दरअसल उसकी हरकत को लेकर दुल्हन के पिता ने बाह थाने में पुलिस से शिकायत की थी। इससे पहले परिजन उसके घर पर पहुंचे और उसको जम कर खरी खोटी सुनाईं। हाथापाई भी कर दी। परिवार को शर्मसार करने वाली हरकत की शिकायत पर पुलिस युवक को पकड़ कर थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक बाह ने बताया कि फिलहाल युवक का शांतिभंग में चालान किया है।
विज्ञापन

इंसेट
सदमे में दूल्हा हुआ बेहोश, अस्पताल ले पहुंचे परिजन
- दुल्हन के ममेरे भाई की धमकी की दूल्हे ने अपने परिजनों को जानकारी दी। परिजन समाधान खोज ही रहे थे कि अचानक शादी में खलल पड़ने से सदमे में दूल्हा अपने घर पर ही गिर कर बेहोश हो गया। बेहोशी न टूटने पर आनन फानन में परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले पहुंचे। उसकी हालत में सुधार से परिजनों ने राहत की हल्की सांस ली है।
इंसेट


रिश्ता टूटने की दोनों गांवों में चर्चाएं
- बरात चढ़ने से 6 घंटे पहले शादी का रिश्ता टूटने को लेकर दूल्हा और दुल्हन के गांव में चर्चा का माहौल गर्मा गया है। रिश्तेदार युवक की हरकत की दोनों गांवों में निंदा की जा रही है। रिश्ता टूटने पर एक चर्चा यह भी थी कि विवाह के बाद रिश्तेदार युवक की हरकत से दोनों की शादीशुदा जिंदगी उजड़ जाती, शादी से पहले ही रिश्ता टूट गया, ठीक रहा। वहीं दोनों परिवारों में शादी को लेकर जुटे सगे संबंधी भी रिश्तेदार युवक को उसकी हरकत को लेकर जमकर कोस रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें