सदभाव: बाह के उबेश अली ने दिल्ली की बहन रश्मी त्यागी के बेटे की शादी में भरा भात
बाह। 15 साल पहले डीटीसी की बस में सफर के दौरान मिले बाह के जुलाहपुरी के उबेश अली और दिल्ली के उत्तम नगर की रश्मी त्यागी के बीच भाई बहन के रिश्ते की मजबूत डोर आज भी बरकरार है। जाति और धर्म से परे भाई बहन के रिश्ते को दोनों बखूबी निभा रहे हैं। रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए रश्मी त्यागी दिल्ली से बाह पहुंचती हैं, तो भाई दूज को टीका कराने के लिए उबेश अली दिल्ली जाना नहीं भूलते।
दरअसल रश्मी त्यागी का कोई सगा भाई नहीं है। भाई के रिश्ते की सभी रस्में उबेश अली निभाते चले आ रहे हैं। सोमवार को रश्मी त्यागी ने अपने बेटे मनश्वी की मेरठ से शादी की। भात भरने के लिए उबेश अली पहुंचे। भात की परंपरा के निर्वहन के बाद ही शादी की रस्में निभाई गईं। भाई बहन के रिश्ते के सदभाव को लेकर लोग चर्चा करते रहे। उबेश अली ने बताया कि 15 साल पहले वह आईआईटी कॉलेज में काम के लिए डीटीसी की बस से सफर कर रहे थे। दिल्ली के उत्तम नगर की रश्मी त्यागी बस में बतौर कंडक्टर थीं। दिल्ली के बदरपुर बार्डर पर दोनों की मुलाकात हुई।