फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के विसारना गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में अफरातफरी मच गई। मृतक की पहचान करुआ (30 वर्ष), पुत्र होशियार सिंह निवासी गुढ़ा के रूप में हुई है। परिजन ने पुरानी रंजिश में हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है।
रविवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने विसारना गांव के पास एक ट्यूबवेल के नजदीक कदम के पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। शव के पास ही मृतक की वैगनआर कार खड़ी थी, जिसमें तोड़फोड़ के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची डौकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतक के चाचा अशोक उर्फ बिट्टू ने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने बताया कि शनिवार को क्षेत्र के ही कुछ युवकों के साथ कार की टक्कर को लेकर करुआ का विवाद हुआ था। परिजन का दावा है कि आरोपियों ने करुआ की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटका दिया। साथ ही मृतक के पास मौजूद नकदी के गायब होने और कार में तोड़फोड़ की बात भी कही गई है। घटना के बाद से ही मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी डौकी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस विवाद से जुड़े संदिग्धों और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।