कुसमरा। चौकी क्षेत्र के गांव अनूपपुर में सोमवार की सुबह एक घर में शादी समारोह के दौरान कन्यादान का कार्यक्रम चल रहा था, तभी मकान का छज्जा भर-भराकर गिर गया। मलबे के नीचे दबकर महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए। दो महिलाओं को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया है। वहीं अन्य को किशनी सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव अनूपपुर निवासी अखिलेश कुमार की पुत्री रोहिणी की बरात रविवार को शहर के गोला बाजार, नगला कीरत से आई थी। रात को जयमाला, फेरे आदि के बाद सोमवार की सुबह मंडप के नीचे कन्यादान का कार्यक्रम चल रहा था। घर के बाहर भी कुछ रिश्तेदार बैठे थे। करीब 11 बजे अचानक बरामदे का छज्जा भर-भराकर गिर गया। छज्जे के नीचे बैठी नेकश्री पत्नी रामसहाय, समला पत्नी गेंदालाल निवासी गांव रुई थाना भोगांव, हेमराज पुत्र डोरी लाल निवासी गांव अनूपपुर घायल हो गए। हादसे के बाद समारोह स्थल पर घरातियों और बरातियों में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में घायलों को किशनी सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से नेकश्री व समला को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। घटना के बाद शादी की रस्में जल्द पूरी कर दुल्हन की विदाई कर दी गई।