नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले व्यापार महोत्सव के संबंध में उद्
आगरा। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित होने जा रहे भारतीय व्यापार महोत्सव में आगरा के स्थानीय उत्पादों की चमक बिखरेगी। शनिवार को फतेहाबाद रोड के एक होटल में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने महोत्सव का पोस्टर विमोचन किया।
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और विशिष्ट अतिथि कैट के राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद प्रवीण खंडेलवाल रहे। सांसद खंडेलवाल ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर ही देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है। केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कैट की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि आगरा का फुटवियर, हस्तशिल्प, स्टोन वर्क, पच्चीकारी, चांदी और ब्रश उद्योग, पेठा-दालमोठ और गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग जैसे उद्योग शहर की पहचान हैं। उन्होंने इन क्षेत्रों से जुड़े कारोबारियों से महोत्सव में शामिल होकर व्यापार को विस्तार देने की अपील की।
कार्यक्रम में कैट के प्रदेश सह-संयोजक एवं जिलाध्यक्ष रोहित कत्याल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर राजेश अग्रवाल, रमेश वाधवा, महेश कर्दम, संजय अरोरा, अतुल गर्ग, सोनू कक्कड़, स्वीटी कालरा, संजय ढींगरा, राजीव कोहली और गुलशन कोहली सहित कई प्रमुख कारोबारी उपस्थित रहे।