आगरा। अछनेरा विकास खंड के गांव नगला लाल दास में वृद्ध की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया है। आरोप है कि धरने और शिकायतों के बाद भी तालाब की सफाई नहीं कराई गई। अब 15 से 20 दिन के अंदर सफाई करने की बात कही जा रही है। दूसरी ओर जिला पंचायतराज अधिकारी ने वृद्ध की मौत को घटनास्थल से जोड़ने को गलत बताया है।
दरअसल लालदास निवासी मिट्ठन लाल को 10 अप्रैल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 17 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि 31 जनवरी से ग्रामीण के साथ मिट्ठन लाल धरने पर बैठे थे। अधिकारियों से तालाब सफाई मांग कर रहे थे। उसी दौरान उनकी तबीयत खराब हुई और इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। मौत के दूसरे दिन शनिवार को जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) मनीष कुमार और जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार विकास खंड के अधिकारियों के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने तालाब का निरीक्षण किया। डीपीआरओ ने बताया कि नगला लालदास में वृद्ध की मौत को धरनास्थल पर और शिकायतों के बाद कोई सुधि न लेने के आरोप निराधार है। ग्राम पंचायत सचिव पंपसेट लगवाकर समय-समय पर जल निकासी करा रहे थे। तालाब की सफाई के लिए प्रस्ताव तैयार है, 15 से 20 दिन के अंदर सफाई हो जाएगी।