मैनपुरी। थाना बेवर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक महिला ने एक महिला व साथियों पर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने का षड़यंत्र रचने का आरोप लगाया है। बृहस्पतिवार को एसपी को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि एक ऑडियो भी उनके पास है। जिसके आरोपी झूठा मामला दर्ज कराने को लेकर बात कर रहे हैं। पीड़िता ने मामले में जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता नाजमा बेगम ने बताया कि पति के मोहल्ले की ही रहने वाली एक महिला के साथ चार साल से अनैतिक संबंध हैं। जब परिजन पति को रोकते हैं तो वह उन्हें व बच्चों को मारता पीटता है। कुछ दिन पहले उक्त महिला ने मेरे पुत्र को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने को लेकर थाने में एक प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने जांच की शिकायत झूठी पाई और पुत्र को छोड़ दिया। अब फिर से पति व फिरोजाबाद निवासी एक व्यक्ति उसके व पुत्र के खिलाफ झूठी साजिश रच रहे हैं। उनके पास एक ऑडियो भी है। इसमें पति अपनी बहन से दुष्कर्म के मामले में फंसवाने की बात कह रहा है। पीड़िता ने एसपी से मामले में जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।