आगरा। साकेत कॉलोनी में केनरा बैंक की शाखा के बाहर लगा एटीएम तोड़कर रुपये निकालने की कोशिश करने वाला पुलिस के हाथ नहीं आ सका है। पुलिस उसका फुटेज लेकर जगह-जगह घूम रही है। मगर, उसकी पहचान तक नहीं हो सकी है। फुटेज से यह पता चला है कि वह पैदल ही आया था और पैदल ही गया है।
केनरा बैंक के एटीएम में मंगलवार रात को तोड़फोड़ की गई थी। उससे रुपये निकालने की कोशिश की गई थी। बृहस्पतिवार दोपहर को पुलिस को पता चला था। बदमाश सफल नहीं हो सका था। थाना शाहगंज पुलिस ने बैंक मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। आरोपी सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में आ गया। फुटेज में चेहरा भी आ रहा है। मगर, आरोपी पकड़ में नहीं आ सका है। ब्यूरो
वहीं, फुलट्टी पुलिस चौकी के पास बुधवार दोपहर को बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग सराफ सुरेंद्र सिंह वर्मा को पुलिसकर्मी बनकर रोक लिया था। चेकिंग के नाम पर अंगूठी और चेन उतरवा ली थी। जेब से रुपये निकाल लिए थे। जानकारी पर पुलिस ने पड़ताल की। आरोपी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में आ गए। मगर, पुलिस बदमाशों को पकड़ नहीं सकी है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि वारदात में टप्पेबाजों का हाथ है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।