मैनपुरी/बरनाहल। शुक्रवार की रात जिले में आई आंधी-बारिश ने तबाही मचाई। पेड़ों से लेकर मकान तक धराशाई हो गए। आंधी का सबसे अधिक प्रभाव बरनाहल क्षेत्र में रहा। यहां अलग-अलग गांवों में दो लोगों की जान भी चली गई। तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले में शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। बरनाहल थाना क्षेत्र के गांव सराय मुगलपुर निवासी सोमवीर (30) पुत्र सुरेश चंद्र की टिनशेड गिरने से मौत हो गई। मां धनवती और पत्नी सुधा देवी घायल हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि आंधी और बारिश के चलते शुक्रवार रात को दीवार समेत टिनशेड गिर गया था, जिसके नीचे सभी लोग दब गए। ग्रामीणों ने सभी लोगों को बाहर निकला। पुलिस की मदद से सभी को उपचार के लिए सैफई ले जाया गया। चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसडीएम घिरोर अनिल कुमार ने लेखपाल के साथ घटना की जानकारी जुटाई। थाना क्षेत्र के गांव ही औरंगाबाद निवासी उजागर सिंह पुत्र रामस्वरूप की शनिवार सुबह बिजली गिरने से मौत हो गई। बारिश के दौरान सुबह पांच बजे वह खेतों में शौच के लिए गए थे। इसी दौरान उन पर बिजली गिर गई। वह फिरोजाबाद नगर निगम में संविदा सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। दोनों ही मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना पर पहुंचे उप जिलाधिकारी करहल रतन वर्मा और एसओ सुरेश चंद्र शर्मा ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फोटो- 22
बिजली गिरने से शिव मंदिर क्षतिग्रस्त
मैनपुरी। दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव रठेरा में शुक्रवार की रात करीब 10 बजे शिव मंदिर पर बिजली गिरी। ग्रामीण कुछ समझ पाते तब तक मास्टर हेतराम सिंह राठौर के हाते में स्थापित शिव मंदिर पर अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर लोग भयभीत होकर घरों से बाहर निकले तो देखा कि मंदिर परिसर में धुआं छाया हुआ था। मंदिर की गुम्मद का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
दीवार गिरी, हादसा टला
मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव अकबरपुर में शुक्रवार की रात आई तेज आंधी और बारिश से गांव निवासी चंद्रजीत के घर की दीवार गिर गई। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की तरफ दौड़े। हालांकि बड़ा हादसा होने से टल गया।