आगरा। जेबीपीएल लीग में खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में टीजीए ग्रीन टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लैक पैंथर्स को सात विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। जेबी क्रिकेट ग्राउंड पर हुए इस मुकाबले में ऐश्वर्य तिवारी ने नाबाद 68 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्लैक पैंथर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 112 रन ही बना सकी। नैतिक ने सर्वाधिक 39, कप्तान देव सिंह ने 28 और वेदांत सिंह गादौली ने 16 रन बनाए। टीजीए ग्रीन टाइटंस के आरव ने तीन, वेद ने दो विकेट हासिल किए। अजय और अथर्व पाल को एक-एक विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीजीए ग्रीन टाइटंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ऐश्वर्य तिवारी ने पारी को संभाला और आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने 48 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए। रंधीर निषाद ने 16 रन और आरव ने नाबाद 12 रन बनाकर उनका साथ दिया। टीम ने 17.1 ओवर में केवल तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ब्लैक पैंथर्स के देव सिंह और आयुष्मान तिवारी को एक-एक विकेट पर संतोष करना पड़ा। ऐश्वर्य तिवारी को प्लेयर ऑफ द मैच का सम्मान दिया गया। इस जीत के साथ टीजीए ग्रीन टाइटंस ने टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है।