मैनपुरी। यूपी टीईटी की दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाले सिपाही की सीजेएम तेंद्रपाल ने बृहस्पतिवार को जमानत खारिज कर दी है। सिपाही के वकील की दलीलों को आधारहीन पाकर सीजेएम ने जमानत खारिज करने के बाद उसको न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
बुधवार को पावर हाउस रोड स्थित शांति बाल कल्याण संस्थान इंटर कॉलेज में घिरोर निवासी आदित्य कुमार के स्थान पर परीक्षा देते भूपेंद्र सिंह पुत्र रणवीर सिंह निवासी नगला ध्यान थाना सादाबाद हाथरस को कक्ष निरीक्षकों ने पकड़ लिया था। भूपेंद्र की वर्तमान में तैनाती थाना रानीगंज जिला प्रतापगढ़ में है। उसके खिलाफ बुधवार को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई। कोतवाली पुलिस ने सिपाही भूपेंद्र को बृहस्पतिवार को सीजेएम न्यायालय में पेश किया। अपने वकील के माध्यम से भूपेंद्र ने जमानत पाने के लिए आवेदन किया। भूपेंद्र के वकील की दलीलों को आधारहीन पाकर सीजेएम तेंद्रपाल ने उसकी जमानत खारिज कर दी।
जमानत खारिज करने केे बाद उसको न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया है। सिपाही भूपेंद्र पुलिस की पूछताछ में आदित्य के नाम पर परीक्षा देने के बदले 60 हजार रुपये लेने की बात स्वीकार कर चुका है।
संभावित ठिकानों पर पुलिस ने दी दबिश
सिपाही पर कार्रवाई के बाद कोतवाली पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इसके लिए पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी गई, लेकिन बृहस्पतिवार शाम तक कोई गिरफ्तार नहीं हो सकी। पूछताछ में सिपाही ने पुलिस को बताया था कि दूसरे की जगह परीक्षा देने के लिए सौदा उसके दोस्त हेमंत कुमार निवासी खैर अलीगढ़ से हुआ था। हेमंत ने आदित्य कुमार से एक लाख बीस हजार रुपये में सौदा तय किया। 60 हजार रुपये भूपेंद्र को परीक्षा देने के एवज में दिए गए।