फिरोजाबाद। जिले के तीन ब्लॉकों की करीब 148 ग्राम व पंचायतों में किसानों को सिंचाई योग्य पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। झाल गोपालपुर से भोगनीपुर ब्रांच को मिलने वाली पानी की सप्लाई गत शुक्रवार से बंद हो गई। नहर में पानी की सप्लाई बंद हो जाने के कारण धान बाहुल्य जसराना, शिकोहाबाद एवं मदनपुर के किसानों को फसल सिंचाई के लिये पानी पर्याप्त पानी की किल्लत होने की आशंका है।
जिला के तीन ब्लॉकों में फसलीय सिंचाई के लिए भोगनीपुर ब्रांच से पानी मिलता है। झाल गोपालपुर जसराना से होते हुए शिकोहाबाद एवं मदनपुर की सीमा के करीब 148 ग्राम व पंचायतों को सिंचाई योग्य पानी उपलब्ध कराने वाली उक्त नहर जिला के भारौल कस्बा होते हुए इटावा की सीमा में प्रवेश करती है। रोस्टर प्रणाली के हिसाब से उक्त नहर में गत तीस जून से छोड़ा गया पानी शुक्रवार को बंद कर दिया गया। वहीं भोगनीपुर ब्रांच में पानी की सप्लाई बंद हो जाने एवं मानसून में हो रही देरी के कारण धान की खेती बाहुल्य जसराना के अलावा आंशिक रूप से शिकोहाबाद एवं मदनपुर के धान किसानों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है। उक्त तीनों ब्लॉकों के करीब 60 हजार हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में होने वाली धान की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है।
भोगनीपुर ब्रांच में शुक्रवार से पानी सप्लाई बंद हो गई है। रोस्टर प्रणाली के अनुसार विगत तीन जून से उक्त ब्रांच में पानी की सप्लाई दी जा रही थी। मानसून में देरी होने के कारण किसानों की समस्या के दृष्टिगत नहर में दोबारा पानी छोड़े जाने की मांग करेंगे।
जितेंद्र कुमार, एक्सईन सिंचाई