राम आए... अच्छे दिन लाए: बाह में बिके 10 लाख मिट्टी के दीये
- फोटो : अमर उजाला
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उत्सव ने ताजनगरी आगरा के कुम्हारों के अच्छे दिन ला दिए। बाह क्षेत्र में पांच दिनों में 10 लाख से ज्यादा दीये बिके हैं। दाम भी अच्छे मिले हैं। प्रकाश पर्व दिवाली पर बाह में 60 रुपये में 100 दीये बिके थे। जरार के नेत्रपाल प्रजापति, बिजकौली के रूप सिंह, बिजौली के राजेंद्र ने बताया कि पांच दिन पहले 70 रुपये में 100 दीये बिके थे। रविवार को 150 रुपये में 100 दीये और सोमवार को 200 रुपये में 100 दीये बिके।
बाह , जैतपुर, जरार, भदरौली, पिनाहट के बाजारों में दीपकों की मांग और बिक्री ज्यादा रही। धोबई, बिजौली, जरार, जैतपुर, बिजकौली, सिधावली, डेरक, पुराकनेरा आदि 20 गांवों में मिट्टी के बर्तनों का काम होता है। सीमा, हाकिम सिंह, कमलेश, जनवेद ने बताया कि अनुमान है कि पांच दिन में 10 लाख से ज्यादा दीपक बिके हैं।
ब्रथला कुंड पर 3100 दीपक जलाकर श्रीराम महोत्सव मनाया
सैंया ब्रथला कुंड स्थित प्राचीन बाबा लीला विलास भगवान के परिसर में 3100 दीपकों के साथ गायत्री दीप यज्ञ कर भगवान श्रीराम जी की प्राण प्रतिष्ठा मनाई गई। मदिर के महंत महेश गिरि जी महाराज व खंड संघ चालक डॉ. आनंद प्रकाश त्यागी ने सैंकड़ो लोगों ने दीप जलाए।
एत्मादपुर में श्री शंकट हरण महादेव, श्रीराम चन्द्र मंदिर, माता पथवारी, रामेश्वर मंदिर, शिवशक्ति, गंगा महारानी, बिहारी जी सहित अन्य मंदिरों में अखंड रामायण व सुंदरकांड के पाठ के बाद भंडारा हुआ। दीपदान किया गया। बाजारों को सराफा कमेटी व व्यापार मंडल ने केसरिया झंडों से सजाकर राममय कर दिया। सरकारी कार्यालयों को भी रंगबिरंगी झालरों से सजाया गया।