कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम महेंद्र बहादुर सिंह
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले में धार्मिक स्थल 31 अगस्त तक बंद रहेंगे। मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई बैठक में सर्वसम्मति से धर्मगुरुओं ने इस संबंध में निर्णय लिया।
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि लॉकडाउन में जनपदवासियों ने जिला प्रशासन का सहयोग किया है। सभी धर्मों के लोगों ने समाज के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लिए हैं। सभी ने महत्वपूर्ण त्योहारों पर निर्धारित नियमों का पालन करते हुए घरों में ही पूजा की है। अभी कोरोना संक्रमण का खतरा कम नहीं हुआ है। इसलिए सभी लोग आगे भी इसी प्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करें। घरों में ही जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, मोहर्रम आदि त्योहार मनाएं।
मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारा में भी एक समय पर पांच व्यक्ति ही मौजूद रहकर पूजा करें। बैठक में धर्मगुरुओं, सभ्रांत व्यक्तियों ने कहा कि 31 अगस्त तक पूर्व की भांति ही इबादत व पूजा की जाएगी। श्री कृष्ण जन्मोत्सव, गणेश चतुर्दशी, मोहर्रम के त्योहार सभी लोग परंपरागत ढंग से अपने-अपने घरों में मनाएंगे। किसी प्रकार के जुलूस का आयोजन भी नहीं किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी बी.राम, अपर पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार आदि उपस्थित रहे।