युवा पेज के लिए
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में केंद्र प्रतिनिधि के रूप में कार्य करेंगे तहसीलदार
- जिलाधिकारी के निर्देश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने सौंपी जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। 15 जून को आयोजित होने वाली बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की पुख्ता निगरानी के जिले में इंतजाम किए जा रहे हैं। निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अतिरिक्त केंद्र प्रतिनिधि को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। चार तहसीलदारों को केंद्र प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की निगरानी में जिला प्रशासन किसी प्रकार की कोर कसर नहीं छोड़ रहा है। परीक्षा के लिए जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए हैं। जिले में 15 जून को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन होना है। परीक्षा के लिए जिले में सात केंद्र बनाए गए हैं। दयानंद इंटर कॉलेज मैनपुरी पर 400, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवीरोड मैनपुरी पर 500, राजकीय इंटर कॉलेज आगरा रोड मैनपुरी पर 500, कुंवर आरसी कन्या इंटर कॉलेज मैनपुरी पर 500, कुंवर आरसी महिला महाविद्यालय ब्लॉक ए पर 400, कुंवर आरसी महिला महाविद्यालय ब्लॉक बी पर 400 और श्री गंगा सहाय कन्या इंटर कॉलेज मैनपुरी पर 449 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों के अतिरिक्त केंद्र प्रतिनिधि भी तैनात रहेंगे। मैनपुरी, करहल, किशनी और घिरोर के तहसीलदार को केंद्र प्रतिनिधि की जिम्मेदारी परीक्षा केंद्रों पर निभानी होगी। मैनपुरी करहल, किशनी के तहसीलदार दो-दो केंद्रों पर भ्रमण करते रहेंगे जबकि घिरोर के तहसीलदार एक मात्र परीक्षा केंद्र की निगरानी करेंगे।