डेंटल हाइजीन विशेषज्ञ बताने वाले क्लीनिक संचालक पर इलाज के दौरान दुरुस्त दांत उखाड़ने का आरोप लगा है। पीड़ित ने एसएसपी और सीएमओ से शिकायत की है। मामले को संज्ञान में लेकर एसीएमओ ने छापा मारते हुए आरोपी को नोटिस दिया है। दो दिन में शैक्षणिक दस्तावेज और क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन मांगा है।
मामला नार्थ ईदगाह कालोनी निवासी अजरुद्दीन पुत्र हकीमउद्दीन का है। अजरुद्दीन ने बताया दिसंबर में दांत में दर्द था। लोहामंडी नौबस्ता स्थित शिफा डेंटल क्लीनिक पहुंचा। यहां के संचालक फैजान ने चेकअप कर एक दांत उखाड़ दिया। दर्द सही नहीं हुआ तो फिर दिखाया। इस तरह दो महीने तक इलाज के बावजूद मर्ज ठीक नहीं हुई। ऐसे में अन्य चिकित्सक को दिखाया तो उन्होंने खराब दांत के स्थान पर दुरुस्त दांत उखाड़ने की बात बताई। ये सुन पीड़ित शिफा क्लीनिक पहुंचा। आरोप है कि क्लीनिक संचालक ने उसके साथ गाली गलौज कर धक्का देकर भगा दिया। सीएमओ के निर्देश पर एसीएमओ डा. अजय कपूर ने जांच कर बताया कि आरोपी के पास मौके पर शैक्षणिक रिकार्ड और रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। सीएमओ डा. बीएस यादव ने बताया कि नोटिस देकर उससे शैक्षणिक रिकार्ड, रजिस्ट्रेशन का दस्तावेज मांग गया है। नहीं दिखाने पर क्लीनिक सील कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर क्लीनिक संचालक फैजान का कहना है कि उसके पास सभी शैक्षणिक रिकार्ड हैं, मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में दस्तावेज प्रस्तुत कर देगा, गलत इलाज का आरोप बेबुनियाद है।