कासगंज । ढोलना क्षेत्र के गांव सूमरा में दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया किशोर डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
तालाब में डूबने से प्रदीप (13) पुत्र हरवीर सिंह यादव की मौत हो गई । बताया गया कि प्रदीप अपने दोस्त अशोक व श्याम के साथ बृहस्पतिवार को दोपहर 2 बजे तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। इससे उसके दोस्त अशोक व श्याम घबरा गए। उसके डूबने की जानकारी दोनों ने अपने घर पर दी। सूचना पर प्रदीप के परिवारीजन व अन्य ग्रामीण तालाब पर पहुंच गए। काफी ढूंढने के बाद शाम को उसका शव मिला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई । ढोलना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह गिरि ने बताया कि प्रदीप तैरना नहीं जानता था। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हुई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।