आगरा। ऑनलाइन गेम में 70 हजार रुपये हारने के बाद 15 वर्षीय किशोर घर छोड़कर भाग गया। जीआरपी आगरा की ऑपरेशन मुस्कान टीम ने उसे भटकता देख रोका और परिजन के सुपुर्द किया।
थाना जीआरपी प्रभारी ने बताया कि नरायच (यमुना ब्रिज के पास) क्षेत्र में रहने वाला एक किशोर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भटकता मिला। सुरक्षा की दृष्टि से उसे चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी-3) दिल्ली के आदेश पर पहाड़गंज स्थित बाल गृह में रखा गया। वहां पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलते हुए करीब 70 हजार रुपये हार गया था। इसके अलावा उसने घर से चुपचाप 5000 रुपये भी निकाल लिए थे, जो वह हार गया। इस बात का पता चलने पर पिता की डांट-फटकार के डर से वह घर से भागा है। मुस्कान टीम ने किशोर से जानकारी लेकर उसके पिता से संपर्क किया। सूचना मिलने पर पिता दिल्ली पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सीडब्ल्यूसी के समक्ष बेटे को सुपुर्दगी में ले लिया।