मैनपुरी। थाना क्षेत्र में विक्रमपुर के पास 28 अगस्त को नहर में कूदी किशोरी का शव सोमवार को दन्नाहार क्षेत्र में नहर में उतराता मिला। पुलिस ने शव को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला और शव का पोस्टमार्टम कराया।
विक्रमपुर निवासी अवधेश यादव की 14 वर्षीय पुत्री साक्षी कक्षा 10 की छात्रा थी। शनिवार की सुबह वह अपनी मां को स्कूटी पर बिठाकर मलावन एटा जा रही थी। साक्षी ने अपनी मां सरिता देवी को नहर किनारे स्कूटी से उतार दिया। अचानक वह नहर में कूद गई। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन पानी के तेज बहाव के चलते किशोरी नहर में बह गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किशोरी को तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं चला।
सोमवार की सुबह दन्नाहार थाना क्षेत्र में साक्षी का शव नहर में उतराता मिला। नहर के पास काम कर रहे मजदूरों ने पुलिस को सूचना दी। किशोरी के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए और शव की पहचान की। परिवार के लोग पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, लेकिन पुलिस के कहने पर वह पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए।
दन्नाहार थाना प्रभारी सुरेशचंद्र शर्मा का कहना है कि नहर में कूदी किशोरी का बरामद करके पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार के लोग पोस्टमार्टम कराने से मना कर रहे थे। मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।