बिछवां। शनिवार को गांव दौलतपुर में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। परिजन अंतिम संस्कार को ले जा रहे थे, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।
थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी महेंद्र कुमार की 14 वर्षीय पुत्री सुमन शनिवार को खेत पर गई थी। कुछ देर बाद वह घर लौट कर आ गई। घर आने के कुछ देर बाद उसका शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। जानकारी होने के बाद घर में कोहराम मच गया। आसपास के लोग एकत्र हो गए।
परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार करने के लिए ले जा रहे थे। इस बीच किसी की सूचना पर पहुंची। पुलिस ने उन्हें रोक लिया और किशोरी का शव कब्जे में ले लिया। परिजनों ने बताया कि सुमन को कभी दौरा भी आ जाता था। लेकिन मौत की वजह को लेकर किसी सही वजह की जानकारी से इंकार किया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।